अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा उदय आउटरीच अभियान के तहत प्रदेश में नशामुक्त हरियाणा थीम पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में फरीदाबाद में 9 अगस्त को नशा मुक्ति मैराथन का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शामिल होने का कार्यक्रम है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को हरियाणा सरकार के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता और मुख्यमंत्री के ओएसडी पंकज नैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी उपायुक्तों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।