फरीदाबाद। गुरुग्राम के क्रिकेटाउन मैदान में खेले गए राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में डीएवी सेक्टर-3 ने डीएवी एनएच तीन को 30 रन से हरा दिया। अंडर 19 टूर्नामेंट के 6 ओवर के मुकाबले में सेक्टर-3 की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बनाए। टीम की ओर से कविश ने 17 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए, जबकि समर सहोता ने नौ गेंदों पर 17 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएच-3 की टीम निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट पर 37 रन ही बना सकी। करण चंदीला ने 11 गेंदों पर 14 रन बनाए। सेक्टर-3 की ओर से रनंजय सिंह ने तीन रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि कविश ने चार रन देकर एक विकेट लिया। इस तरह सेक्टर-3 की टीम ने मुकाबला 30 रन से अपने नाम कर लिया। संवाद