मंदिर प्रधान के घर चोरी
फरीदाबाद। एनएच-5 स्थित श्री तत्कालेश्वर शिव मंदिर के प्रधान हर्ष मल्होत्रा के घर का ताला तोड़कर चोर वहां से करीब छह लाख रुपये नकद व जेवर चोरी कर ले गए। घटना के वक्त मल्होत्रा परिवार देहरादून गया हुआ था। सेक्टर-21सी ग्रेंडविस्टा सोसाइटी निवासी हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि 21 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ देहरादून किसी काम से गए थे। उसी रात चोरों ने उनके फ्लैट का ताला तोड़कर घर में रखी करीब छह लाख रुपये की नकदी, सोने व चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चुरा लिया। 22 नवंबर की शाम जब वह घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने देखा की घर के सारे ताले टूटे पड़े हैं। अलमारियां भी खुली पड़ी हैं। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया। मल्होत्रा ने बताया कि सोसाइटी में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसमें चोरों की तस्वीर कैद हुई है। उनके पास हथियार भी है। उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। ब्यूरो