दिल्ली से आ रहे ट्रांसपोर्टर से कार लूटी
फरीदाबाद। दिल्ली से लौट रहे ट्रांसपोर्टर से कार सवार बदमाशों ने बाईपास रोड पर सोमवार आधी रात को पिस्तौल दिखाकर कार लूट ली और फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश सोहना रोड की तरफ गए हैं। पुलिस ने वहां भी नाकेबंदी की, मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एनआईटी चार निवासी धर्मनाथ ने करीब एक साल पहले ही असावटी गांव के पास मकान बनाया है। धर्मनाथ का ट्रांसपोर्ट का काम है और सोमवार रात को करीब 12.30 बजे वह अपनी कार में वापस घर लौट रहे थे। बाईपास रोड पर जब वह सेक्टर-65 के पास पहुंचे तो एक कार के चालक ने ओवरटेक कर अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे लगा दी। इसके चलते मजबूरन उन्हें अपनी काम रोकनी पड़ी। धर्मनाथ के अनुसार कार में पांच युवक सवार थे। उनमें से दो उतरकर उसकी तरफ आए और उन्होंने उस पर पिस्तौल तान दी।
दोनों बदमाशों ने उसे पिस्तौल दिखाकर कार से उतार दिया और उसकी कार में सवार हो गए फिर उसे लूट लिया। उन्होंने घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि बदमाश सोहना रोड की तरफ जाते हुए देखे गए हैं। पुलिस ने सोहना रोड पर नाकेबंदी के साथ गुरुग्राम पुलिस को भी सूचित किया। मगर पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई। थाना सेंट्रल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।