एटीएम कार्ड का क्लोन बना खाते से उड़ाए 70 हजार रुपये
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने सेक्टर-16 में एक महिला के एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर खाते से 70 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना के चार माह बाद थाना सेंट्रल पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उससे पहले शिकायत साइबर सेल के पास थी। सेक्टर-15 निवासी सुनीता यादव ने डीसीपी क्राइम को 28 दिसंबर 2018 को शिकायत दी थी कि वह 27 दिसंबर शाम को किसी काम से सेक्टर-16 मार्केट गई थी। इस दौरान उन्होंने वहां एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले और वापस घर आ गई। उसी रात उनके खाते से किसी ने 70 हजार रुपये निकाल लिए, जिसके बारे में उन्हें सुबह एसएमएस पढ़कर पता चला। चार माह तक मामले की जांच के बाद सोमवार को शिकायत थाना सेंट्रल पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ब्यूरो