फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 पुलिस की टीम ने वाहन चोर गिरोह के एक बदमाश को गिरफ्तार कर चोरी की चार बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने इसके दो साथियों को पहले गिरफ्तार किया था, उनसे भी चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद हुई थी।
क्राइम ब्रांच प्रभारी एसआई सुमेर सिंह ने बताया कि मेव मोहल्ला, पुन्हाना निवासी फिरोज खान कुछ दिन पहले अपने दो साथियों के साथ फरीदाबाद में बाइक चोरी करने के लिए आया था। उस समय आरोपी के दोनों साथियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फिरोज मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था। सुमेर सिंह ने बताया कि आरोपी अपने दोस्तों के साथ ऑटो लेकर पुन्हाना से फरीदाबाद बाइक चोरी करने के लिए आता था।
आरोपी व उसके साथी एक रात में दो-तीन बाइक चोरी करके गौंछी में किराए पर लिए गए कमरे में छिपा देते थे। इसके बाद मौका पाकर बाइक को मेवात ले जाकर बेच देते थे। गिरफ्तार फिरोज की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद की हैं, जबकि दो बाइक इसके साथियों से बरामद की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना एनआईटी, सेंट्रल, पल्ला, आदर्श नगर व सारन थाने में चोरी की वारदात करने की बात कबूली है।