बदमाशों ने फायरिंग कर लूटी एक्सयूवी कार
फरीदाबाद। गुरुग्राम स्थित कार्यालय से लौट रहे दो भाइयों पर बदमाशों ने फायरिंग कर एक्सयूवी कार लूट ले गए। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दोनों को लात-घूसों से पीटा भी था। थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने लूट व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नरियाला निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका भाई सोनू दोनों गुरुग्राम स्थित एक बिल्डर के कार्यालय में काम करते हैं। बुधवार रात करीब 8.30 बजे दोनों कार्यालय से छुट्टी होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। जब वे लोग आईएमटी में गांव मछगर के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनकी कार के आगे मोटरसाइकिल लगा दी। इस पर उन्होंने अपनी कार रोक दी। दीपक ने बताया कि कार रुकते ही मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन पर हमला बोल दिया और घूसें मारने लगे।
उन्होंने विरोध किया तो उनमें से एक ने जेब से पिस्तौल निकाल कर गोली चलानी शुरू दी। इससे दोनों डर गए और कार से दूर हट गए। इस पर दो बदमाश उनकी कार को लूट कर ले गए, जबकि एक अपनी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर थाना सदर बल्लभगढ़ व क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद लूट व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।