सेंध लगाकर लाखों के जेवर-नकदी पार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। चोरों ने सोमवार रात तिगांव स्थित एक मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवर व करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्हें चोरी के बारे में पता चला। तिगांव थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच टीमों ने भी मौके पर जांच की। डॉग स्कवॉयड भी बुलाया गया, मगर वह भी थोड़ी दूर जाकर रुक गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुन्हेड़ा रोड स्थित तिगांव निवासी सुखबीर अधाना नगरनिगम में पंप ऑपरेटर हैं। सुखबीर के अनुसार, उनका बेटा पिछले कुछ दिनों से बाहर गया हुआ है। इसके कारण उसकी पत्नी भी अपने मायके गई हुई थी। इसके कारण उसके कमरे में पिछले कई दिनों से कोई नहीं सो रहा था। चोरों ने उसी कमरे को निशाना बनाया। रात को वह परिवार सहित अन्य कमरों में सो रहे थे। मकान खेतों पर बना है, इसलिए पीछे की ओर एयरकंडीशन लगाए हुए हैं। चोरों ने एक कमरे में एसी की साथ लगी खिड़की से लोहे के जंगले को उखाड़ा और वहीं से घर में दाखिल हुए। सुखबीर अधाना के अनुसार चोर उनके घर से करीब 25 तोले सोने के जेवर, करीब आधा किलो चांदी, 50 हजार रुपये व एक एलईडी टीवी चुरा ले गए हैं। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल के बाद मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।