मुफ्त में नहीं दिए छोले कुल्चे तो पीटा, सामान बिखेरा
फरीदाबाद। नीलम चौक स्थित हेमराज छोले कुल्चे वाले की रेहड़ी पर मंगलवार दोपहर को आए दो युवकों ने मुफ्त में छोले कुल्चे नहीं दिए जाने कर्मचारियों को पीटा और सामान फेंक दिया। लोगों के जमा होने पर दोनों युवक वहां से चले गए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। नीलम चौक पर हेमराज की छोले कुल्चे की रेहड़ी लगती है। घर में शादी होने के कारण संचालक हेमराज निमंत्रण कार्ड बांटने गए हुए थे। रेहड़ी पर भतीजे रमेश के अलावा राजेश, गोवर्धन और बनवारी मौजूद थे। रमेश ने बताया कि दोपहर को स्विफ्ट कार सवार दो युवक आए। उन्होंने पहले दो प्लेट कुल्चे पैक करवाए और कहा कि हेमराज से उनकी बात हो गई है। थोड़ी देर बाद युवकों ने तीन प्लेट कुल्चे और पैक करने को कहा तो रमेश ने मना कर दिया। इस पर दोनों युवक भड़क गए और उन्होंने कर्मचारी से मारपीट कर रेहड़ी का सामान फेंक दिया। इसकी सूचना किसी ने एनआईटी थाना पुलिस को दे दी। जब तक पुलिसकर्मी पहुंचते दोनों युवक वहां से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित ने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं दी गई है।