महिला पार्षद सहित दर्जन भर लोगों पर मारपीट का मामला दर्ज
बल्लभगढ़। नगर निगम वार्ड-38 से महिला पार्षद सहित उनके पति व परिवार के करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ अदालत के आदेश पर थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। दर्ज मामले के अनुसार गांव चंदावली निवासी जसबीर उर्फ टीटू ने अदालत याचिका दायर कर बताया था कि 21 फरवरी 2018 को चंदावली निवासी जोगेंद्र उर्फ बुद्धा सैनी, उनकी पत्नी निगम पार्षद उमा सैनी सहित रिंकू, नीटू, कमल की पत्नी टीना, जगवीर, सतबीर, सुरेंद्र की पत्नी कविता, नीटू की पत्नी सोनू व कपूरी आदि ने उसके घर में घुसकर उस पर व उसके परिजनों पर हमला किया। पुलिस ने इस मामले में उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। अदालत ने उसकी शिकायत पर सुनवाई करते हुए थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो