सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत
फरीदाबाद। सेक्टर-21 स्थित एशियन अस्पताल में भर्ती अधिकारी को देखकर लौट रहे दो कर्मचारियों की राष्ट्रीय राजमार्ग पर एनएचपीसी चौक के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों युवक पुल प्रहलादपुर, दिल्ली के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। प्रहलादपुर निवासी अमित कुमार ने बताया कि उनका भाई अनिल कुमार (33 वर्ष) और उसका दोस्त सुशील पांडेय (43 वर्ष) फरीदाबाद की एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। परिजनों के अनुसार उनकी फैक्ट्री के एक अधिकारी को दिल का दौरा पड़ा था। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर बृहस्पतिवार को उन्हें देखने सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल गए थे। वहां से वापस लौट रहे थे। रात करीब 1 बजे एनएचपीसी चौक मेट्रो स्टेशन के पास सामने से जा रहे तेज रफ्तार कैंटर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए जबकि पीछे से आ रहे दोनों मोटरसाइकिल की ब्रेक नहीं लगा पाए और इनकी मोटरसाइकिल पीछे से कैंटर में जा घुसी। चालक मौके पर कैंटर छोड़ कर फरार हो गया। मोटरसाइकिल चला रहे अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुशील पांडेय को बादशाह खान अस्पताल में ले जाया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक अनिल की एक बच्ची भी है।