बदनाम करने की धमकी से परेशान किशोरी ने आत्महत्या की
- पुलिस ने युवक के खिलाफ आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। किशोरी का रिश्ता तय होने के बाद उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसके मंगेतर व परिजनों को फोन कर उसे समाज में बदनाम करने की धमकी दी। इससे परेशान होकर किशोरी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
सेक्टर-31 थाने से मामले के जांच अधिकारी एएसआई नारायण दत्त के अनुसार एक 17 वर्षीय किशोरी को कुछ दिन से विनीत पांडे नाम का युवक परेशान कर रहा था। वह उसे समाज में बदनाम करने और अपहरण करने की धमकियां दे रहा था। संभवत: युवक किशोरी को जानता था। जांच अधिकारी के अनुसार पिछले दिनों किशोरी का रिश्ता तय हो गया था। इस पर विनीत ने किशोरी के मंगेतर व उसके परिजनों को फोन कर बदनाम करने की धमकी दी। इससे परेशान किशोरी ने 24 फरवरी को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 25 फरवरी को पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने विनीत के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर, उसकी तलाश कर रही है।