मजदूरों की भविष्य निधि हड़पी, केस दर्ज
फरीदाबाद। मजदूरों के भविष्य निधि की राशि हड़प किए जाने पर क्लच ऑटो कंपनी के मालिक के खिलाफ कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त ने धोखाधड़ी और गबन का केस दर्ज कराया है। कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त भूपेंद्र सिंह के मुताबिक किसी भी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी के वेतन से भविष्य निधि की रकम काटी जाती है। यह रकम कर्मचारी के खाते में भविष्य निधि में जमा कराई जाती है। मथुरा रोड स्थित क्लच ऑटो कंपनी के मजदूरों ने शिकायत की थी कि मालिक उनके वेतन से पीएफ तो काटता है लेकिन उनके खाते की डिटेल नहीं देता। जांच में पाया गया कि क्लच आटो कंपनी का मालिक हर महीने मजदूरों के वेतन से रकम तो काट रहा था लेकिन उसे भविष्य निधि निगम के खाते में नहीं जमा करवा रहा था। मामला सही पाए जाने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो