सीएम के दरबार पहुंचा चीनी के व्यापारी पर थर्ड डिग्री इस्तेमाल का मामला
बल्लभगढ़। चीनी के व्यापारी के बेटे मोहित गोयल को हिरासत में लेकर क्राइम ब्रांच बदरपुर बार्डर में थर्ड डिग्री देने का मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दरबार में पहुंच गया है। शनिवार शाम को व्यापारियों ने विधायक मूलचंद शर्मा के साथ दिल्ली हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर सारी बात बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने डीजीपी को मामले की जांच करने और दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
शहर के चीनी व्यापारी मोहित गोयल को बृहस्पतिवार दिन में क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम शहर से उठाकर ले गई थी। व्यापारी का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उनका मोबाइल फोन भी ले लिया और किसी से बात नहीं करने दी। साथ ले जाने का कोई कारण पुलिस ने उन्हें नहीं बताया।
शनिवार को एक बार फिर व्यापारी भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के कार्यालय पर पहुंचे और नाराजगी व्यक्त की। व्यापारियों का कहना था कि जब तक पुलिसकर्मियों को सस्पेंड नहीं किया जाता व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए विधायक मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बात कर उनसे मिलने का समय मांगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें शाम को 7 बजे हरियाणा भवन, दिल्ली में मिलने के लिए बुलाया। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ शाम को मुलाकात हुई और व्यापारियों की परेशानी को उन्होंने मुख्यमंत्री से अवगत करवाया।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की बात सुनने के बाद पुलिस महानिदेशक बीएस संधू से फोन पर बात की। सीएम ने डीजीपी को मामले की जांच करवाने और दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की बात कही है। विधायक से मिलने वालों में व्यापारी नेता नरेश फतेहपुरिया, ईश्वर गोयल, महेश गोयल, राजेंद्र जैन, पूर्व पार्षद राजेंद्र कुमार, तेजपाल, मनीष मित्तल, वेद प्रकाश सिंगला, योगेश मंगला, राजीव गोयल, संजय गुप्ता, सुनील मित्तल, नरेश मंगला, राजेश गर्ग समेत सैकड़ों व्यापारी शामिल थे।
व्यापारी वर्ग में रोष व भय का माहौल : शारदा राठौर
पूर्व विधायक शारदा राठौर ने युवा व्यापारी मोहित गोयल पर पुलिस प्रताड़ना पर गहरी नाराजगी जताई है। राठौर ने कहा है कि इस पुलिस प्रताड़ना से पूरा शहर दहशत में है। व्यापारी वर्ग में रोष व भय का माहौल है। भाजपा सरकार में प्रतिदिन कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही है। पुलिस रक्षक की जगह भक्षक की भूमिका में है। पूर्व विधायक ने अस्पताल में उपचाराधीन मोहित गोयल से मुलाकात की और उनका हालचाल भी जाना।