पथराव कर धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस से छुड़ाया
फरीदाबाद। धोखाधड़ी के एक आरोपी को पकड़ने गांव खोरी जमालपुर पहुंची धौज चौकी पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पथराव व डंडों से हमला कर दिया और आरोपी को छुड़ा ले गए। पथराव के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, हमला करने व पुलिस हिरासत में आरोपी को छुड़ाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सेक्टर-55 थाने के अंतर्गत धौज चौकी पुलिस को सोमवार तड़के करीब सूचना मिली थी ट्रक खरीद के मामले में धोखाधड़ी का फरार आरोपी गांव में आया हुआ है। सूचना के आधार पर तड़के करीब पांच बजे धौज चौकी पुलिस ने खालिद को पकड़ने के लिए गांव में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने खालिद को पकड़ लिया। मगर पुलिस कार्रवाई की खबर लगते ही ग्रामीण एकजुट हो गए और उन्होंने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव के दौरान पुलिसकर्मी ओमप्रकाश व सुरेंद्र घायल हो गए। पुलिस खालिद को गाड़ी में डालकर ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और लाठियों से हमला कर खालिद को छुड़ा ले गए। पुलिस ने जैसे तैसे वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें उपचार देकर छुट्टी दे दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक घर से भारी मात्रा में मांस भी बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि वह गो मांस है। पुलिस ने उसे जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि मांस किसका है। सेक्टर-55 थाना प्रभारी नरेंद्र सांगवान ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने के मामले में सरकारी काम में बाधा डालने, हमला करने व पुलिस हिरासत में आरोपी को छुड़ाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।