युवक की बाइक में कार से मारी टक्कर, गोली चलाई
फरीदाबाद। काम के बाद बुधवार देर रात घर लौट रहे फरीदपुर निवासी प्रकाश की बाइक में गांव के ही राहुल ने जान से मारने की नीयत से अपनी कार से टक्कर मार दी। प्रकाश ने विरोध जताया तो आरोपियों ने गोली चला दी और तमंचे की बट से पीटा। किसी तरह जान बचा कर भागे प्रकाश ने बीपीटीपी थाने में राहुल और उसके चार साथियों के खिलाफ हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कराया है।
बीपीटीपी थाने के एएसआई सोमपाल के अनुसार, फरीदपुर निवासी प्रकाश और राहुल दोनों ही सिक्योरिटी सर्विस का काम करते हैं। इन दोनों के बीच विवाद चल रहा है। प्रकाश बुधवार रात करीब पौने बारह बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के बाहर ही राहुल ने हत्या करने की नीयत से अपनी कार से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गिरकर घायल हुए प्रकाश ने विरोध किया तो राहुल तमंचा लेकर अपने साथियों अमित, सुमित, आकाश और बलबीर के साथ गाड़ी से उतरा और गोली चला दी। इसके बाद तमंचे की बट से प्रकाश की पिटाई की। किसी तरह जान बचा कर वहां से भागे प्रकाश ने बीपीटीपी थाने में शिकायत दी। एएसआई सोमपाल ने बताया कि तफ्तीश में मौके से एक खोखा बरामद हुआ, आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है, अन्य हमलावरों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।