कृषि योग्य भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की कर दी रजिस्ट्री, चार तहसीलदार नामजद
बल्लभगढ़। गांव झाड़सेतली में कृषि योग्य भूमि पर अवैध रूप से की गई प्लॉटिंग की बिना एनओसी के रजिस्ट्री करने के आरोप में बल्लभगढ़ के एक पूर्व तहसीलदार व तीन नायब तहसीलदारों के खिलाफ शहर थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने इसकी जांच की और फिर डीएसपी सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों का कहना है कि मामला वाड्रा लैंड डील से भी जुड़ा हुआ है। मगर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
गांव नरहावली निवासी विनोद भाटी नामक व्यक्ति ने कुबेर इंफ्रास्ट्रक्चर के नाम से कंपनी बना कर गांव झाड़सेतली में करीब 15 एकड़ कृषि योग्य भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की थी। वर्ष 2014-15 में इसकी रजिस्ट्री हुई। इस दौरान तत्कालीन तहसीलदार नरेश जॉवल, नायब तहसीलदार रणविजय सिंह, वीरेंद्र सिंह व चेतराम ने एनओसी लिए बगैर करीब आठ एकड़ में की प्लॉटिंग की रजिस्ट्री कर दी थी। करीब नौ माह पहले इसकी शिकायत होने पर मामले की जांच सीएम फ्लाइंग को सौंपी गई। सीएम फ्लाइंग में तैनात डीएसपी दिनेश यादव ने मामले की जांच की और गड़बड़ी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की संस्तुति कर आला अधिकारियों को भेज दी। उनके रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ इंडियन रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 81 के तहत मामला दर्ज करने के आदेश दिए। थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।