घर में सेंध लगा चोरों ने उड़ाए नकदी व जेवर
फरीदाबाद। थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र के अंतर्गत दीपाली एंक्लेव में चोरों ने एक घर में सेंध लगा वहां से करीब 12 लाख रुपये व जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीपाली एंक्लेव निवासी रानी गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि उसने यहां 50 गज के प्लॉट में मकान बनाया हुआ है। उसमें ही परचून की दुकान खोली हुई है। उसका एक घर बदरपुर दिल्ली में है। पूरा परिवार वहीं रहता है। वह अकेली यहां रहती है। रानी गुप्ता के अनुसार उसने बेटी की शादी के लिए 12 लाख रुपये जोड़कर रखे हुए थे। रुपये उसने घर में मेज की दराज में रखे थे। रात में वह घर के अंदर सोई हुई थी। किसी ने घर में घुसकर रुपये और जेवरात चोरी कर लिए। सुबह उसे चोरी का पता चला। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।