पड़ोसी ने किशोरी से दुष्कर्म किया, धरा
फरीदाबाद। सारन थाना क्षेत्र में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी को पड़ोसी ने हवस का शिकार बना डाला। किशोरी के चीखने चिल्लाने पर इकट्ठा हुए लोगों दुष्कर्मी को पकड़ा और पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी के मुताबिक, उसके माता पिता काम करते हैं और वह छोटे भाई बहनों के साथ घर संभालती है। शनिवार को माता-पिता काम पर गए हुए थे और तीन छोटे भाई बहन स्कूल। घर पर वह और उसकी छोटी बहन थी। दोपहर करीब एक बजे पड़ोस में रहने वाला बाबू उनके घर में घुस आया और दोनों बहनों से मीठी मीठी बातें करने लगा। बाबू ने छोटी बहन को कुछ सामान मंगाने के बहाने बाहर भेज दिया। इसके बाद किशोरी को मारपीट कर उससे दुष्कर्म करने लगा। पीड़िता ने रोते हुए मदद की आवाज लगाई। किशोरी की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली महिलाएं आ गईं। इन लोगों ने बाबू को पकड़ लिया और पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। एसएचओ सेक्टर-7 थाना इंस्पेक्टर कुलदीप दहिया ने बताया कि पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो