-परिजनों की मर्जी के खिलाफ किया था विवाह, अदालत ने पुलिस आयुक्त को सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
फरीदाबाद। परिजनों की मर्जी के खिलाफ विवाह करने के बाद जान का खतरा जताते हुए एक दंपती ने अदालत से सुरक्षा की गुहार लगाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने मामले में सुनवाई करते हुए पुलिस आयुक्त फरीदाबाद को दंपती की शिकायत पर विचार करने और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। याचिका के अनुसार, दोनों ने 11 नवंबर को रोहतक में हिंदू रीति-रिवाज से अपनी मर्जी से विवाह किया था। दोनों ने अदालत में अलग-अलग बयान दर्ज कराए कि वे बालिग हैं और उन्होंने बिना किसी दबाव के शादी की है। उन्होंने अपने आधार कार्ड और विवाह के फोटो भी अदालत में पेश किए। दंपती ने आशंका जताई कि उनके परिजन विवाह से नाराज हैं और उनकी जान व स्वतंत्रता को खतरा है। अदालत ने विवाह की वैधता पर कोई टिप्पणी किए बिना दोनों को पुलिस आयुक्त के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस आयुक्त को खतरे का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराने को कहा। इसके बाद अदालत ने याचिका का निपटारा कर दिया। संवाद