हथीन। गांव पावसर में मुख्यमंत्री आवास योजना के प्लॉट सर्वेक्षण में हुई धांधली की शिकायत जिला समाधान शिविर में की गई। गांव निवासी जमशेद ने बृहस्पतिवार को जिला उपायुक्त के नाम दी गई शिकायत में कहा कि सरपंच ने सर्वेक्षण के दौरान पात्रों को प्लॉटों से वंचित कर दिया। सरपंच ने कथित रूप से अपने चहेतों को प्लॉट दिलाने के लिए उनके नाम जुड़वां दिए हैं। सर्वेक्षण के दौरान सचिव से मिलीभगत कर कोई मुनादी नहीं कराई है। गांव के निवासी कई बार सीएम विंडो एवं समाधान शिविर में शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद आज तक मौके पर जाकर किसी भी अधिकारी ने जांच नहीं की। जिला उपायुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लिया। शिकायत को क्रम संख्या 28 पर दर्ज कर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा को जांच के निर्देश दिए हैं। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा ने बताया कि जांच निष्पक्षता से की जाएगी।