लोक निर्माण विभाग 29 करोड़ रुपये की लागत से बनवा रहा 10 किलोमीटर लंबी सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीकरी-धौज के लगभग 15 हजार से अधिक लोगों को जर्जर सड़क से जल्द निजात मिलने वाली है। यहां लोक निर्माण विभाग की ओर से दस किलो मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। जिसका काम 29 करोड़ रुपये की लागत से लगभग नौ माह में पूरा किया जाएगा।
गांव सीकरी से धौज को जोड़ने वाली 10 किलाेमीटर लंबी सड़क करीब एक दर्जन से अधिक गांव को जोड़ती हैं। कई वर्षों से यह सड़क जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पांच मिनट की दूरी तय करने में ग्रामीणों को आधा-एक घंटा लग जाता है। खासकर बरसात के दिनों में लोगों का सड़क से गुजरना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण लोगों को अन्य मार्गों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। इसे लेकर ग्रामीणों की ओर से कई बार लोक निर्माण विभाग और मंत्री विधायकों से सड़क बनवाने की मांग की गई। अब लोक निर्माण विभाग ने सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। जेसीबी मशीनों से सड़क की जगह-जगह खुदाई की जा रही है।
तारकोल की बनाई जाएगी सड़क
10 किलो मीटर लंबी सड़क को तालकोल से बनाया जाएगा। इसके साथ ही बारिश के दौरान पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
वर्जन
गांव की सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। यदि ग्रैप के कारण काम प्रभावित नहीं हुआ तो नौ माह में काम पूरा कर दिया जाएगा। मौके पर काम चल रहा है।-
प्रदीप सिंधु, कार्यकारी अभियंता- लोक निर्माण विभाग।