क्राइम ब्रांच एनआईटी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) दिल्ली की संयुक्त टीम सूरजकुंड थाना क्षेत्र के लकड़पुर ,शिव दुर्गा विहार स्थित एक मकान पर छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15 करोड़ रुपये कीमत की कोकीन व अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
फरीदाबाद में किराये पर रह रहे तीन विदेशी तस्करों की पहचान नाइजीरिया निवासी इफेआयी इमैनुएल , बेल जॉन उर्फ एनुदुन इमैनुएल और कैमरून निवासी रेमी उर्फ अमोस ओवी के रूप में हुई हैं। तीनों आरोपियों के पासपोर्ट व वीजा संबंधी दस्तावेजों की पुलिस और संबंधित एजेंसियों द्वारा गहनता से जांच की जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजकुंड में बीएनएस व एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। सहायक पुलिस आयुक्त, अपराध अमन यादव ने बताया कि 15/16 सितंबर की देर रात क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी निरीक्षक अनिल छिल्लर की टीम और एनसीबी दिल्ली को लकड़पुर स्थित एक मकान में भारी मात्रा में मादक पदार्थ होने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर टीम ने विधिवत सर्च वारंट हासिल किया और शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर स्थित मकान नंबर 16 की दूसरी मंजिल पर तलाशी ली। एनसीबी की टीम द्वारा मौके पर ही केमिकल जांच किए जाने पर जब्त सामग्री में कोकीन और एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। रेड के दौरान पुलिस को 2.337 किलोग्राम कोकीन, 26 ग्राम एम्फेटामाइन, 1.378 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ और 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान क्राइम ब्रांच यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि यह खेप फरीदाबाद में कहां से लाई गई थी, एनसीआर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी और इस बड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन से स्थानीय व विदेशी तस्कर शामिल हैं।