सड़क ठीक नहीं होने पर सीएम की रैली का करेंगे विरोध 25 जून को गदपुरी टोल के पास होनी है सीएम की रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सीकरी से भनकपुर गांव तक की सड़क जर्जर हालत में है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। रविवार को 15 गांवों के लोगों द्वारा महापंचायत की जाएगी। वहीं, 25 जून को बीजेपी की होने वाली रैली में सीएम का विरोध करेंगे।
गांव भनकपुर निवासी कृपाल सिंह रावत ने बताया कि सीकरी से गांव भनकपुर तक जाने वाली सड़क पर गांव नगला जोगिया, भनकपुर, सिकरोना, लधियापुर, कबूलपुर, जकोपुर, बीजापुर, फतेहपुर तगा, मोहला, फिरोजपुर कला व अन्य गांवों के हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क की मरम्मत का कार्य नहीं होने की वजह से सड़कों पर जगह-जगह 4 से 5 फुट गहरे गड्ढे बन चुके हैं। बरसात के दिनों में उक्त सड़क पर हर समय जलभराव रहता है। इससे आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जहां एक और लोगों को दुर्घटनाएं होने का डर लगा रहता है। वहीं, जर्जर सड़क के कारण वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इसको लेकर कई गांव के लोगों द्वारा उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उसके बावजूद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। 20-25 गांव के लोग सर्विस रोड बनाने के लिए दिल्ली-मुंबई हाईवे पर धरना देकर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे। फिर भी सुनवाई नहीं होती है, तो 25 जून को बीजेपी की होने वाली रैली का पुरजोर विरोध करेंगें।