वार्ड स्तर पर बनेंगे नागरिक सुविधा केंद्र
ऑनलाइन कार्याें में मिलेगी सहूलियत, सितंबर तक 24 सेंटर खुलने की तैयारी, जगह की पहचान में जुटा निगम
मनोज धर द्विवेदी
फरीदाबाद। डिजिटल इंडिया को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए नगर निगम वार्ड स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) बनाने जा रहा है। यहां लोग शुल्क देकर ऑनलाइन कार्य करा सकेंगे। सितंबर तक निगम की 24 सेंटर स्थापित करने की योजना है। निगम क्षेत्र में कुल 45 वार्ड हैं।
केंद्र और प्रदेश सरकार अधिकांश सेवाएं लोगों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने पर काम कर रही हैं। इसी को ध्यान में रखकर सरल केंद्र समेत अन्य सेंटर खोले गए हैं। सरकार ने निजी क्षेत्र में कॉमन सर्विस सेंटर यानि सीएससी का लाइसेंस दिया है। जिले में करीब 200 सेंटर ऐसे चल रहे हैं।
लोगों का आरोप का है कि सरल या अटल केंद्र के अलावा अन्य पर उन्हें काम करने के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि वार्ड स्तर पर सीएफसी बनाया जाए ताकि लोगों के कार्य आसानी हो सके। विभाग का मानना है कि आगे वाले समय और अन्य सेवाएं भी ऑनलाइन होंगी। हाल में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता ने फरीदाबाद, पलवल व नूंह के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इसमें उन्होंने चरणबद्ध तरीके से तीनों जिलों में सीएफसी खोलने के लिए निर्देश दिया था।
-
15 हजार की जनसंख्या में एक केंद्र
विकास गुप्ता का मानना है कि लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यों का लाभ देने के लिए सीएफसी का होना जरूरी है। इसके लिए नगर निगम और एचएसवीपी अपने-अपने क्षेत्र में इसे लेकर कदम उठाएंगे। 15,000 जनसंख्या पर एक सीएफसी खोलने की सरकारी योजना है। यहां आईटी संसाधन और कर्मचारी नगर निगम उपलब्ध कराएगा। इन सेंटरों पर सूचना केंद्र, वेटिंग रुम, रेस्ट रुम, आरामदायक सीटिंग अरेजमेंट, एसी, शौचालय समेत अन्य सुविधाएं होनी चाहिए। यहां आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र, प्रॉपर्टी टैक्स, सीवर-पानी टैक्स, एनओसी, नक्शा, बीपीएल कार्ड, निवास प्रमाण व पेंशन पत्र समेत अन्य प्रकार की सेवाएं लोगों को दी जाएगी है। इसके लिए निगम उपयुक्त स्थानों की पहचान कर सेंटर बनाने के लिए कदम उठा रहा है। इसमें एक-एक सेंटर नगर निगम के तीनों कार्यालयों में भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा निगम के 45 वार्डाें में भी एक-एक सेंटर बनेंगे।
-
सीएफसी सेंटर का ब्योरा
जिला- प्रस्तावित- 30 सितंबर, 2023 - 31 मार्च, 2024
फरीदाबाद-92-24-68
नूंह-7-4-3
पलवल-17-6-11
फरीदाबाद मंडल- 116-34-82