एक सामाजिक संस्था की सूचना पर हुई कार्रवाई, करीब 25 लाख की सिगरेट जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (सीएम फ्लाइंग ) की टीम ने डबुआ कॉलोनी में विदेशी कंपनी की नकली सिगरेट बनाने वाली कंपनी का पर्दाफाश किया है। टीम ने मौके से विदेशी कंपनी के 1.40 लाख नकली सिगरेट बरामद की हैं। कुल जब्त सिगरेट की बाजार में करीब 25 लाख रुपये कीमत है। एक सामाजिक संस्था की सूचना पर टीम ने कार्रवाई की है। डबुआ थाने में कंपनी संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सीएम फ्लाइंग के डीएसपी मनीष सहगल ने बताया दिल्ली की ब्रह्मांड समाज कल्याण ट्रस्ट ने सूचना दी थी कि डबुआ-पाली रोड स्थित निधि तंंबाकू कंपनी में अवैध रूप से पेरिस नाम से विदेशी सिगरेट बनाई जाती है। कंपनी संचालक के पास इस प्रकार की सिगरेट बनाने का लाइसेंस नहीं है। सूचना पर इंस्पेक्टर जगदीश, एस आई सतबीर सिंह व हवलदार ब्रजेश ने ब्रह्मांड समाज कल्याण ट्रस्ट के सदस्य ललित को साथ लेकर फैक्टरी में छापेमारी की। मौके पर मिले सुपरवाइजर पंकज ने बताया कंपनी सेक्टर-21 निवासी सतेंदर उर्फ सैतेन की है। वह इसे करीब तीन साल से चला रहा है। कंपनी संचालक ने निधि पेरिस नाम से सिगरेट बनाने का ब्रांड ले रखा है। पेरिस नाम की विदेशी सिगरेट की मांग बाजार में ज्यादा होने के कारण वह यहां पेरिस व अन्य कंपनियों के नाम की सिगरेट बना रहे थे। टीम ने मौके से करीब 700 बॉक्स में सात हजार सिगरेट के पैकेट जब्त किए। उनमें 1.40 लाख नकली सिगरेट भरी हुईं थीं। जब्त सिगरेट के पैकेट पर कोटपा नियमानुसार चेतावनी भी नहीं दी गई थी। जब्त सिगरेट की बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये है। डबुआ थाना पुलिस ने कंपनी संचालक के खिलाफ केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।