- जरूरतमंदों की खाने-पीने व रहने की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित करें
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को भारी बरसात की स्थिति को देखते हुए जिलेवार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जहां कहीं भी लोगों के खाने पीने व रहने की व्यवस्था की जानी है, उसे तुरंत सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने बाढ़ नियंत्रण के बेहतर से बेहतर इंतजाम करने के आदेश दिए। डीसी विक्रम सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के साथ बेहतर तालमेल करके तुरंत जन शिकायतों का निपटारा करने के आदेश दिए।
पिछले तीन दिनों से फरीदाबाद समेत प्रदेशभर में हो रही रिकॉर्ड तोड़ बारिश को लेकर सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया। साथ ही हरियाणा सिविल सचिवालय में इमरजेंसी बैठक बुला ली। जिसमें रेवेन्यू और डिजास्टर मैनेजमेंट, गृह विभाग, अर्बन लोकल बॉडी और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि वह जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था करें। शहरों में ड्रेनेज व्यवस्था की सफाई कराई जाए।
युमना नदी के सटे गांवों पर नजर
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को बताया कि फरीदाबाद में यमुना क्षेत्र के गांव को अलर्ट पर ले लिया गया है, हालांकि वर्तमान में हालात सामान्य हैं। फिलहाल यमुना में 10 हजार क्यूसेक पानी है और 2.5 लाख क्यूसेक पानी तक नियंत्रण में रहता है। यमुना क्षेत्र के गांव, कॉलेज और कुछ कॉलोनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। बारिश के पानी को बाहर फेंकने के लिए 55 डिस्पोजल अलग-अलग क्षेत्रों में लगाए गए हैं। विक्रम सिंह ने अधिकारियों को दिशा निर्देश के देते हुए कहा कि एमसीएफ, स्मार्ट सिटी, पुलिस, प्रशासन व ट्रैफिक विभाग के अधिकारी अपने-अपने इलाकों में मुस्तैद रहे। जहां बिजली के तार झूल रहे हैं और तार ढीले हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। खुले तारों को बिजली विभाग के अधिकारी तुरंत ठीक करें। डिस्पोजल व अंडरपास पर पुलिस व प्रशासन के कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहे।