महिला को शुरुआत में मुनाफे के कुछ पैसे ट्रांसफर कर झांसे में ले लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एक वित्तीय कंपनी में महिला प्रबंधक के साथ टास्क को पूरा करने के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने महिला को शुरुआत में मुनाफे के कुछ पैसे ट्रांसफर कर झांसे में ले लिया। थाना साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चावला कॉलोनी निवासी मुनमुन शर्मा ने बताया कि वह निजी कंपनी में वित्त विभाग में प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। 23 अगस्त को उन्होंने इंटरनेट पर डाटा ड्राइव डिजिटल कंपनी का घर बैठे पैसा कमाने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में उन्हें सोशल मीडिया पर दो अखबारों की समीक्षा करने पर अच्छा पैसा देने का झांसा दिया गया। विज्ञापन के अनुसार संपर्क करने पर आरोपियों ने उनको एक टेलीग्राम ग्रुप में शामिल कर लिया। उसके बाद आरोपियों ने उन्हें विभिन्न टास्क को पूरा करने के लिए कहा। टास्क पूरा करने पर शुरुआत में आरोपियों ने मुनाफे के कुछ रुपये खाते में ट्रांसफर किए । जिससे आरोपियों ने मुझे और अधिक मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियाें ने उनकी बात कथित शिक्षक अमित शर्मा से कराई और टास्क पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने टास्क पूरा करने के बाद निवेश किए हुए पैसों को निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने कहा कि उनका खाता बंद (फ्रीज) हो गया है। खाते को अनफ्रीज करने के लिए 20 प्रतिशत टैक्स देने के बात कही। उन्होंने लोन लेकर 2 लाख 96 हजार रुपये ठगों द्वारा बताए हुए खाते में भेज दिए। पैसे भेजने के बाद भी जब उनके पैसे नहीं निकले तो आरोपियों ने कहा कि उन्होंने जो टास्क पूरा किया है, उसमें देरी हो गई है। इसलिए दूसरा टास्क ऑर्डर पूरा करना होगा। उन्होंने दूसरे टास्क को भी समय पर पूरा कर दिया। आरोपी बार बार खाते में पैसे डलवाते रहे। इस प्रकार साइबर ठगों ने महिला से कुल 14 लाख 58 हजार रुपये ठग लिए।