- आरोपियों ने एप डाउनलोड कराकर पीड़ित का फोन किया हैक, आरोपी ने स्वयं को सैनिक बताकर जीता विश्वास
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। क्विकर ऐप पर दिए गए विज्ञापन के जरिए पुराना स्कूटर खरीदने पर एक व्यक्ति के साथ साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी हो गई। आरोपियों ने अपने आप को सैनिक बताते हुए कहा कि उनका तबादला हो गया है इसलिए वह स्कूटर को बेच रहे हैं। ठगों के कहने पर पीड़ित ने दो एप को डाउनलोड कर लिया। एप डाउनलोड करने के बाद व्यक्ति के फोन को हैक करके उनके खाते से पैसे निकाल लिए। थाना साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 11 निवासी संदीप कुमार त्यागी ने बताया कि उन्होंने क्विकर ऐप पर एक पुराना स्कूटर देखा था। उस स्कूटर को खरीदने के लिए उन्होंने अपना नाम व फोन नंबर आरोपियों को मैसेज कर दिए। आरोपियों ने कॉल करके अपना नाम बिजेन्द्र कुमार और गजेन्द्र सिंह बताया। आरोपियों ने कहा कि वह दिल्ली कैन्ट से बोल रहे हैं और उनका तबादला होने की वजह से वह स्कूटर को बेच रहे हैं। पीड़ित से आरोपियों ने कहा कि वह केवल 1500 रुपये किराये के दे। स्कूटर के बाकी पैसे डिलिवरी मैन को दे देना। कुछ समय के बाद उनके पास आरोपियों की दोबारा से कॉल आई कि कंप्यूटर में समस्या होने के कारण उनको पूरा पैसा भेजना पड़ेगा। इसपर पीड़ित ने विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिये आरोपियों को 15,500 रुपये दे दिए। पैसे देने के बाद भी उनका स्कूटर दे रात तक नहीं आया। उन्होंने फिर से आरोपियों को फोन किया तो उन्होंने बोला कि पैसे वापस दे रहे हैंं। उसके लिए उनको खाते में 54,750 रखने होंगे। आरोपियों ने पीड़ित को बिना बताये उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। उसके बाद उनके पास आरबीआई ग्राहक सेवा के अधिकारी का फोन आया। उन्होंने पैसे की रिकवरी करने के लिए दो ऐप को डाउनलोड करने के लिए कहा। जिसके बाद उनके खाते से कुल 3,56,153 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। थाना साइबर पुलिस प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।