संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी साइबर थाना में जवाहर काॅलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर ठगी का मामला दर्ज करवाया है। आरोपियों ने वीडियो कॉल करके व्यक्ति को हनीट्रैप में फंसा लिया और ब्लैकमेल कर 1 लाख 83 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जवाहर काॅलोनी निवासी एक व्यक्ति ने एनआईटी साइबर थाने में शिकायत दी है कि 20 जुलाई को उनके पास एक वीडियो कॉल आई। वीडियो कॉल उठाते ही सामने अनजान महिला थी। उन्होंने कॉल को कट कर दिया। जिसके बाद 22 जुलाई को स्वयं को पुलिस अधिकारी बताने वाले व्यक्ति की कॉल आई। उसने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही। कॉल करने वाले ने उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे की मांग की। उन्हाेंने डर कर आरोपियों को कुछ रुपये भेज दिए। आरोपियों ने डर-धमका कर धीरे-धीरे 1 लाख 83 हजार से ज्यादा रुपये ले लिए। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी । साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।