- महिला के बार-बार पैसे मांगने पर हुआ शक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने सूरजकुंड क्षेत्र में निजी कंपनी के प्रबंधक से मेट्रीमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर 25 हजार रुपये ठग गए। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-45 रेल बिहार निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि पत्नी का कुछ समय पहले देहांत हो गया था। परिवार के सदस्यों के काफी कहने पर उन्होंने दूसरी शादी के लिए एक प्रोफाइल मेट्रीमोनियल साइट पर अपलोड किया। कुछ दिन बाद उनके पास एक महिला का एसएमएस आया। एसएमएस में महिला ने बताया कि उसके भी पति व बच्चों की मृत्यु हो चुकी है। वह भी दूसरी शादी करना चाहती हैं। दोनों की मोबाइल पर बातचीत होने लगी। पीड़ित के अनुसार बातचीत के दौरान एक दिन महिला ने बताया कि उसकी बुआ पटना के एक अस्पताल में भर्ती हैं और 25 हजार रुपये की जरूरत है। पीड़ित ने 25 हजार रुपये महिला के बताए बैंक खाते पर भेज दिए। इसके बाद उन्होंने फिर कुछ रकम मांगी। पीड़ित का आरोप है कि महिला के बार-बार पैसे मांगने पर उन्हें शक हुआ। पता करने पर जानकारी मिली कि पटना में बताए अस्पताल में उसकी कोई मरीज भर्ती नहीं है। इसके बाद पीड़ित ने मंगलवार को सूरजकुंड थाने में शिकायत दी। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।