17 दिन पहले अधिवक्ता और उसकी पत्नी के साथ बैंक के ब्रांच मैनेजर सहित बदमाशों ने की थी मारपीट
पत्नी को पुलिस चौकी में पड़ा पैनिक अटैक, पति की गर्दन और पैर की तोड़ी हड्डी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अधिवक्ता के साथ सेक्टर-28 स्थित बैंक की शाखा के प्रबंधक सहित अन्य बदमाशों ने मारपीट की। मारपीट के बाद राजनीतिक दबाव के चलते अधिवक्ता और उसकी पत्नी को पुलिस चौकी सेक्टर-28 अपने साथ ले गई। जहां महिला को पैनिक अटैक आ गया। उसके बाद पुलिस ने दंपती को छोड़ा। जिसके बाद दोनों उपचार के लिए निजी अस्पताल में गए। चार बार पुलिस को शिकायत देने के बाद भी केस दर्ज नहीं किया गया। जिसके चलते आठ अक्तूबर को अधिवक्ता ने ईमेल के जरिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को शिकायत की। जिसके बाद 15 अक्तूबर को पुलिस आयुक्त से मिलने के बाद केस दर्ज किया गया।
सेक्टर 28 निवासी अधिवक्ता सन्नी बत्रा ने बताया कि उनकी पत्नी सेक्टर-28 स्थित यूको बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। 30 सितंबर को उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया। जिस पर उनकी पत्नी ने कहा कि वह खाना नहीं खा रही है। वह अपनी पत्नी को खाना खिलाने के लिए दोपहर को करीब ढाई बजे बैंक के बाहर मिलने के लिए गए। दोनों बैंक के बाहर बातचीत करने लगे। इसके बाद पत्नी बैंक के अंदर ड्यूटी पर चली गई। इस दौरान बैंक के शाखा प्रबंधक संदीप यादव सन्नी बत्रा व उनकी पत्नी से बदतमीजी करने लगा। सन्नी बत्रा की बैंक में एक करोड़ 60 लाख की एफडी थी। कुछ समय के बाद सन्नी बैंक के अंदर गए और शाखा प्रबंधक संदीप यादव से अपनी एक करोड़ 60 लाख रुपये की एफडी तोड़ने की बात करने लगे। जिस पर संदीप यादव उनसे कहता है कि क्वार्टर एंड होने के चलते एफडी नहीं तोड़ सकते।
जिसका लेकर उनकी शाखा प्रबंधक से बहस बाजी होने लगी। कुछ समय के बाद शाखा प्रबंधक बैंक के बाहर चला गया। शाखा प्रबंधक के बाहर जाते ही तीन से चार बदमाश बैंक के अंदर आए और सन्नी के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उनकी गाड़ी को भी तोड़ दिया और गाड़ी के अंदर रखे कुछ नकद पैसे भी लेकर चले गए। कुछ समय के बाद बैंक पर पुलिस चौकी 28 के दो पुलिसकर्मी आए और उनको व उनकी पत्नी को अपने साथ ले गए।
पत्नी को चौकी में आया पैनिक अटैक
पुलिस चौकी में करीब 5 घंटे तक बिना उपचार दिलाए बैठाया रखा। इस दौरान उनकी पत्नी को पैनिक अटैक आ गया। जिसके चलते उन्होंने चौकी में ही पुलिसकर्मी के सामने पत्नी को सांस दी और उनकी छाती को जोर जोर से दबाया। पुलिसकर्मी भी घबरा गए। जिसके बाद उन्होंने जब गाड़ी की चाबी को मांगा तो आरोपी ने चौकी में आकर पुलिस को चाबी दी। उसके बाद सन्नी अपनी पत्नी को सेक्टर 8 स्थित निजी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए। हमले में सन्नी भी बुरी तरह जख्मी हो गए थे।
-
गर्दन और पैर की टूटी हड्डी
उपचार के दौरान डॉक्टर ने सन्नी को बताया कि उनकी गर्दन और पैर की हड्डी टूट गई है। इसके अलावा उनको स्लिप डिस्क हो गई है। आरोपियों ने उनको पीछे लात घूसों से मार तो वह बैठने में भी असमर्थ हैं।
पीएम को शिकायत करने के बाद दर्ज हुआ केस
अधिवक्ता सन्नी बत्रा ने बताया कि उन्होंने एक अक्तूबर को ही पुलिस चौकी 28 में शिकायत दे दी थी। उसके बाद भी उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई। तो उन्होंने सीपी और डीसीपी सेंट्रल को 4 अक्तूबर को शिकायत दी। उसके बावजूद भी केस दर्ज नहीं हुआ। जिसके बाद उन्होंने 8 अक्तूबर को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ई मेल के जरिए शिकायत की। उसके बाद 15 अक्तूबर को पुलिस आयुक्त ओ पी नरवाल ने मिलने के लिए बुलाया। उसके बाद 16 अक्तूबर को उनकी शिकायत पर थाना सेक्टर 31 में केस दर्ज किया गया। आरोप है कि उनका केस राजनीतिक दबाव के कारण दर्ज नहीं किया जा रहा था। पुलिस ने शाखा प्रबंधक संदीप यादव, सेवानिवृत्त कैशियर बी आर सिनस्ला, विक्की व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।