फरीदाबाद।
दिवाली के मद्देनजर बल्लभगढ़ जोन के थानों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को छह थानों में लंबे समय से रखी 486 मदों की केस प्रॉपर्टी को नियमानुसार नष्ट कराया गया। पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को अनावश्यक रूप से लंबित केस प्रॉपर्टी का निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सहायक पुलिस आयुक्त तिगांव अशोक कुमार और तहसीलदार बल्लभगढ़ धर्मवीर वर्मा की देखरेख में गांव जसाना में केस प्रॉपर्टी को नष्ट किया गया। जसाना स्थित गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में केस प्रॉपर्टी को आग के हवाले किया गया। इसमें थाना शहर बल्लभगढ़ की 100, सदर बल्लभगढ़ की 105, सेक्टर-8 की 76, आदर्श नगर की 100, तिगांव की 56 और छांयसा थाने की 49 मदें शामिल हैं। ब्यूरो