एयर बैग भी नहीं बचा सके जान, क्रेन चालक मौके से फरार, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के वजीरपुर गांव के पास रविवार रात क्रेन से टकराकर कार चालक प्रापर्टी डीलर की मौत हो गई। हादसे के दौरान युवक की कार का एयर बैग भी खुल गया इसके बावजूद जान नहीं बची। हादसे के समय वह सेक्टर-29 की ओर से वजीरपुर स्थित अपने घर जा रहे थे। हादसे के बाद चालक क्रेन समेत मौके से फरार हो गया। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी क्रेन चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में मनोरंजन गौड़ ने बताया कि वह वजीरपुर गांव में रहते हैं। रविवार देर रात गांव स्थित एक फार्म हाउस के पास पेड़ लगा रहे थे। इस दौरान देखा कि एक क्रेन सेक्टर-29 की तरफ से खेड़ीकलां की ओर जा रही थी। क्रेन के पीछे एक कार लटकी थी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार वजीरपुर कट मार्ग पर एक स्पीड ब्रेकर है। वहां पहुंचते ही क्रेन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रही अन्य कार क्रेन और बंधी कार से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर फार्म हाउस के पास पेड़ लगा रहे मनोरंजन और बाकी कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे।
मनोरंजन गौड़ ने देखा कि क्रेन से टकराकर कार सवार चाचा का बेटा प्रणव गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे किसी तरह कार से बाहर निकाला और नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक प्रणव के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि इनके परिवार में दिव्यांग मां और एक छोटा भाई है। पुलिस ने मनोरंजन गौड़ की शिकायत पर हादसे के बाद क्रेन समेत मौके से फरार चालक के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
-
कार की रफ्तार अधिक होने की आशंका
हादसे के समय कार की रफ्तार अधिक होने की आशंका है, ऐसे में क्रेन के अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही कार का संतुलन बिगड़ गया और उसमें बंधी कार से टक्कर हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के दौरान कार का एयर बैग खुल गया। लेकिन कार का एक पार्ट्स टूट कर चालक प्रणव गौड़ के सीने में घुस गया। इससे उसकी मौत हो गई।
-जय नारायण, खेड़ीपुल थाना के प्रभारी