11 दिन बाद मामले में दर्ज कराई गई प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित एनएचपीसी कॉलोनी में सड़क किनारे सो रहे एक वेटर के पैर पर कैंटर चढ़ने के मामले में 11 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के इंद्रगढ़ी मोहल्ला निवासी मोहित (28) ने बताया कि 7 जुलाई को गोरी धर्मशाला, हापुड़ से एक शादी समारोह में वेटर का काम करने के लिए फरीदाबाद आया था। काम के दौरान उसे नींद आने लगी, जिसके बाद वह समारोह स्थल के पास सड़क किनारे पटरी पर लेट गया। इसी दौरान सामान लेकर पहुंचे कैंटर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके बाएं पैर पर वाहन चढ़ा दिया। मोहित के अनुसार हादसे में उसके बाएं पैर के तलवे का मांस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह बेहोश हो गया। वहां मौजूद संजय और अन्य लोगों ने उसे निजी एंबुलेंस से दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया घटना की सूचना 7 जुलाई को ही मिल गई थी, लेकिन घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।