अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म व हत्या के विरोध में रविवार रात लोगों ने बल्लभगढ़ में कैंडल मार्च निकालकर आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने घटना के दोषियों को फांसी की सजा देने और परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान सांई राम आसरा ट्रस्ट के चेयरमैन अधिवक्ता बृजमोहन वशिष्ठ व प्रधान राखी चौहान ने कहा कि घटना का पूरे देश में विरोध हो रहा है। लोग आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। कांड ने देश को झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं पर सरकार नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। कैंडल मार्च में अंजू सहरावत, सरोज, शोभा यादव, रूबी, सुमन, संगीता आदि मौजूद रहीं।