बल्लभगढ़। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए रोडवेज विभाग ने बुधवार से दोबारा बसों का संचालन शुरू कर दिया है। बल्लभगढ़ बस डिपो से फिरोजपुर कला, गांव सागरपुर और गांव फतेहपुर तगा स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में काफी परेशानी होती थी। क्योंकि इन स्कूलों में पढ़ाई करने वाली छात्राएं दूर दराज से आती हैं। स्कूल तक पहुंचने के लिए कोई सवारी नहीं होने की वजह से उनको पैदल या अपने परिजन के साथ आना व जाना पड़ता था। उसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल की प्रधानाचार्य ने रोडवेज विभाग को बस शुरू करने के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद विभाग ने तीनों स्कूल फिरोजपुर कला, गांव सागरपुर और गांव फतेहपुर तगा के लिए बस का संचालन शुरू कर दिया था। मार्च के महीने में स्कूल में परीक्षा होने के चलते इन तीनों बसों को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया था अब एक अप्रैल से सभी बसों का संचालन दोबारा से शुरू हो जाएगा। ड्यूटी इंस्पेक्टर भागीरथ शर्मा का कहना है कि अप्रैल के महीने में नया सत्र शुरू होने के बाद स्कूल जाने वाली बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। संवाद