साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो, फरीदाबाद
यूपी पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ओल्ड फरीदाबाद में रहने वाले भाई-बहन से 3 लाख 45 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर पोस्ट देखकर युवक और उसकी बहन ने संपर्क किया था। साइबर ठगों ने रजिस्ट्रेशन समेत अन्य बहाने से 3 लाख 45 हजार 37 रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को ये शिकायत ओल्ड फरीदाबाद के संत नगर में रहने वाले पंकज ने दी है। कुछ समय पर इंस्टाग्राम पर नौकरी दिलाने के दावे वाली पोस्ट देखी थी। जिसके बाद संपर्क किया तो आरोपी ने व्हाट्सएप नंबर शेयर किया। कहा गया कि यूपी पुलिस में महिला सिपाही पद की भर्ती है। पंकज ने अपनी बहन के दस्तावेज आरोपी को व्हाट्सएप पर भेज दिया। बाद में पुरुष सिपाही पद की भर्ती निकलने की बात भी आरोपी ने कही और पंकज के दस्तावेज भी मंगवा लिए। इसके बाद दोनों भाई-बहन का ऑनलाइन टेस्ट लिया गया। टेस्ट पास होने की कहकर आरोपी ने रजिस्ट्रेशन, वर्दी, स्टेशनरी, डॉक्यूमेंटेशन आदि के नाम पर 3 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। कई दिन तक वो टरकाता रहा लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए। बाद में आरोपी ने संपर्क भी बंद कर दिया। साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दी गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम आरोपी के नंबर व यूपीआई आईडी के आधार पर जांच कर रही है।