नूंह। तावडू सीआईए पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर राजस्थान पुलिस के हवाले किया है। पुलिस के अनुसार टीम पुन्हाना बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि डीग जिले के थाना कामां में दर्ज मामले में वांछित आरोपी जान मोहम्मद उर्फ मिरचू गांव नैमाना में मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांव पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी पर जिला पुलिस अधीक्षक डीग द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद कामां थाना पुलिस को बुलाकर आरोपी को सौंप दिया गया। आरोपी पर मारपीट, चोरी, लूट, हथियार एक्ट, एससी/एसटी एक्ट सहित करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। संवाद