संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। रेलवे लाइन के पास बुधवार सुबह बाउंड्री वॉल से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे एक युवक का शव लटका हुआ मिला। आवाजाही करने वाले लोगों ने पुलिस को शव की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार उनको डायल 112 पर सूचना मिली की बल्लभगढ़ रेलवे लाइन के पास बनी बाउंड्री वॉल पर एक युवक का शव लटका हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि युवक ने काले रंग का पजामा और सफेद रंग की टी शर्ट को पहना हुआ था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।