फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में मेवला महाराजपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र (यूएचसी) में ब्लड टेस्ट की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे अब लोगों को जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल या निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र में हेमेटोलॉजी एनालाइजर के जरिये विभिन्न प्रकार के ब्लड टेस्ट किए जा सकेंगे। यह सुविधा इंडियन ऑयल (आरएंडडी सेंटर) की ओर से दिए गए करीब 4.24 करोड़ रुपये के बजट से विकसित की गई है। इसी बजट से आने वाले समय में यहां अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा भी शुरू करने की योजना है। स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 350 लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं, जबकि हर महीने लगभग 35 डिलीवरी होती है। अब तक जांच की सुविधा न होने के कारण मरीजों को निजी संस्थानों का सहारा लेना पड़ता था। इस सुविधा से मेवला महाराजपुर के साथ ही सेक्टर-45, 46, सूरजकुंड और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों को लगातार सशक्त किया जा रहा है। भविष्य में यहां और भी सुविधाएं शुरू की जाएंगी, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। संवाद