बल्लभगढ़। वार्ड 39 से भाजपा पार्षद हरप्रसाद गौड़ व उनके बेटे सहित करीब 15 लोगों के खिलाफ ससुराल पक्ष ने मारपीट व बहु को प्रताड़ित करने की शिकायत दी है। उधर पार्षद ने भी बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और चोरी करने की शिकायत दी है। पर्वतीय कालोनी निवासी नीरज शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन अनिता की शादी साल 2019 में वार्ड 39 से भाजपा पार्षद हरप्रसाद गौड़ के बेटे गौरव से हुई थी। गौरव व उसका परिवार अनिता को शादी के बाद से ही परेशान करते थे। दो महीने पहले अनिता झगड़े व प्रताड़ना से परेशान होकर मायके चली गई थी। शुक्रवार रात गौरव अपने कुछ दोस्तों के साथ घर आया और पथराव करके चला गया। इसके बाद उन्होंने शादी संबंध स्थापित कराने वाले एक रिश्तेदार को सारी बात बताई। शनिवार को अनिता का भाई नीरज, पिता जयप्रकाश, मामा, बहन व कुछ रिश्तेदार पार्षद के घर समाधान करने के लिए आए। आरोप है कि यहां पर पार्षद व उसके बेटे गौरव ने पहले से ही करीब 15 लोग एकत्रित कर रखे थे, जिन्होंने अनिता के परिवार के साथ मारपीट की। इधर पार्षद ने शिकायत में बताया कि अनिता के परिजनों ने उनकी पत्नी, बेटे व रिश्तेदारों के साथ मारपीट करके घर की अलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए हैं। आदर्शनगर थाना प्रभारी मुकेश गिरी ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद