संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-15 ए स्थित जगन्नाथ मंदिर में अमर उजाला फाउंडेशन, आरडब्ल्यूए सेक्टर 15 ए नोर्थ विंग और रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद एनआईटी की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 20 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद एनआईटी के अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता और सचिव राजन गेरा ने बताया कि लोगों को कभी भी रक्त की कमी महसूस ना हो उसके लिए उनके द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इसमें वह रक्तदान करने वाले वीरों को प्रोत्साहन के तौर पर मेडल व प्रमाण पत्र दिया जाता है। जिसके आधार पर अगर उनको कभी कोई रक्त की जरूरत पड़ती है तो वीरों को निशुल्क में रोटरी की ओर से रक्त दिया जाएगा।
रोटरी ब्लड बैंक के उप प्रधान दीपक प्रसाद ने बताया कि रक्तदान करने से दिल की सेहत में सुधार, दिल की बीमारियों और स्ट्रोक के खतरे कम होते है। खून में आयरन की ज्यादा मात्रा दिल के दौरे के खतरे को बढ़ा सकती है। नियमित रूप से रक्तदान करने से आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित हो जाती है। जो दिल की सेहत के लिए अच्छी है। रक्तदान करने वाले वीरों को दिल से संबंधित कोई बीमारी नहीं होती है। इसलिए लोगों को तीन से चार महीने के अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए। आरडब्ल्यूए सेक्टर 15 ए नॉर्थ विंग के प्रधान सीए डीसी गर्ग ने बताया कि उनके द्वारा सेक्टर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। शनिवार को उनके शिविर में 20 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन की वजह से रक्त वीरों की संख्या कम रही। इस मौके पर उप प्रधान नरेश, सचिव सीपी चोटानी, विनय, रविंद्र गर्ग, नवदीप मल्होत्रा, जगन्नाथ मंदिर के प्रधान डॉ पीके दास, सीए भगवान दास, हिमांशु गर्ग, विश्वजीत, अंकुश आदि मौजूद रहे।