तीनों गुटों के 25 प्रत्याशी मैदान में, सुबह 9 बजे से होगा मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव आज शुक्रवार को होंगे। इस बार तीन गुटों से कुल 25 प्रत्याशी इस बार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिसमें से प्रधान पद के लिए तीन, सचिव के लिए चार और वरिष्ठ उप प्रधान के लिए चार और उप प्रधान के लिए तीन लोगों ने नामांकन भरा है। बृहस्पतिवार को आखिरी दिन होने के कारण प्रत्याशियों ने प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी।
सुबह नौ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 36 ईवीएम मशीन मतदान के लिए लगाई गई हैं। न्यायालय परिसर में चार स्थानों पर मतदान होगा। सुरक्षा का लिहाज के पुलिस बल सुबह से ही तैनात कर दिया जाएगा। पिछली बार की तरह मैदान में दो की बजाय इस बार तीन गुटों ने अपने प्रत्याशी चुनाव में खड़े किए हैं। इसमें से संजीव चौधरी ग्रुप से जोगिंद्र नरवत, जेपी अधाना ग्रुप से राकेश रावत और ओपी शर्मा ग्रुप ने विजय शर्मा को प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया है।
पिछली बार ओपी शर्मा और जेपी अधाना ग्रुप एक साथ चुनाव में उतरे थे। करीब 2200 अधिवक्ता इस बार मतदान करेंगे। तीन महिलाओं ने भी कार्यकारिणी के लिए नामांकन किया है जिसमें से वरिष्ठ कार्यकारी सदस्य के लिए ज्योती शर्मा, लाईब्रेरियन के लिए अंजू ठाकुर और शिखा शर्मा किस्मत आजमा रही हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता सतेंद्र अधाना को चुनाव कमेटी का चेयरमैन और जेपी भाटी को सदस्य नियुक्त किया गया है।