फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: रिहायशी इलाकों में फेंके जा रहे बंधवाड़ी के कचरे की होगी लैब में जांच

विज्ञापन
विज्ञापन
उपायुक्त की तरफ से बनाई गई कमेटी और सेव अरावली के सदस्यों के बीच हुई बैठक में लिया गया निर्णय
विज्ञापन


निगम अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बंधवाड़ी स्थित कूड़ा डंपिंग यार्ड से शहर के अलग-अलग इलाकों में डाले जाने वाले कूड़े की सरकारी लैब से जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर कूड़ा डालने के स्थान तय किए जाएंगे। हाल में उपायुक्त विक्रम सिंह और सेव अरावली संस्था की बैठक में निर्णय लिया गया है, जिस पर नगर निगम अधिकारियों ने सहमति जताई।
स्मार्ट सिटी से रोजाना करीब 900 टन कचरा निकलता है। इसमें करीब 250 टन बल्लभगढ़, 300 टन फरीदाबाद और करीब 350 टन एनआईटी इलाके में प्रतिदिन निकलने वाला कचरा शामिल है जिसे बंधवाड़ी पहुंचाया जाता है। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेश के बाद नगर निगम की ओर से बंधवाड़ी में कूड़ा डालना बंद कर दिया गया है। इसकी जगह अब निगम कर्मचारी रिहायशी इलाकों में बने खाली प्लॉटाें में गड्ढे खोदकर कचरा डाल रहे हैं। सेव अरावली के सदस्यों ने पिछले दिनों रिहायशी क्षेत्र में डाले जा रहे कचरे को लेकर उपायुक्त विक्रम सिंह से शिकायत की थी। उपायुक्त ने कमेटी का गठन किया था। कमेटी की बैठक में निगम अधिकारियों की ओर से शिकायत को लेकर जवाब दिया गया कि बंधवाड़ी से जो कचरा रिहायशी क्षेत्र में डाला जा रहा है वह निस्तारित करके डाला जा रहा है। अधिकतर कचरा पूरी तरह से खाद बन गया है इसलिए उसका प्रयोग गहरी जमीन को भरने में किया जा रहा है। इससे पर्यावरण और लोगों की सेहत को कोई नुकसान नहीं है। गुरुग्राम नगर निगम की ओर से इसकी जांच भी कराई जा चुकी है। इस पर सेव अरावली के सदस्यों ने कहा कि फिर इस कचरे से लोगों को असहनीय बदबू क्यों आ रही है। इस पर निगम अधिकारियों ने कहा कि दोबारा से कचरे की जांच सरकारी लैब श्रीराम से करवाई जाएगी।
विज्ञापन


अरावली के साथ लगते इलाकों में डाला जा रहा कचरा
बंधवाड़ी का कचरा सबसे अधिक अरावली के साथ लगते इलाकों डबुआ, पाली और सैनिक काॅलोनी में डाला जाता है। इस कचरे का प्रयोग जमीन की भरत करने के लिए हो रहा है। रिहायशी क्षेत्र में डाले जा रहे कचरे में प्रतिबंधित पॉलीथिन भी काफी मात्रा में शामिल है जिसके सड़ने से बदबू पैदा हो रही है। बंधवाड़ी के कचरे को बड़खल में स्कूल के साथ लगती जमीन पर डाल दिया गया था। कचरे से पैदा होने वाली बदबू की वजह से स्कूली बच्चों को मास्क लगाकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। इस बात की शिकायत स्कूल प्रबंधन की ओर शिक्षा विभाग और नगर निगम में की गई है। पर्यावरण प्रेमी इस कचरे को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ उतर आए हैं। निगम ने प्रतापगढ़ में कचरा निस्तारित करने को लेकर प्लांट भी तैयार किया है।
विज्ञापन


अगले सप्ताह रिहायशी क्षेत्र में डाले जा रहे कचरे की श्रीराम लैब में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा कि कहां कूड़ा डाला जाए।
- पदमभूषण, कार्यकारी अभियंता नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें