अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बारिश के बाद खस्ताहाल सड़कों से लोगों की समस्या बढ़ गई है। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सबसे ज्यादा खराब हालत ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज-तिकोना पार्क रोड, एनआईटी-2 नंबर और सेक्टर-12 बाईपास रोड की बनी हुई है। जिससे लोग बेहद परेशान हैं।
शहर में दो दिन झमाझम बारिश हुई। इससे सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। सेक्टर-12, तिकोना पार्क-ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रोड, प्याली-सारन रोड आदि सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़कों पर गड्ढे होने के कारण जाम लग रहा है। पांच मिनट की दूरी को तय करने में लोगों को आधे घंटे का समय लग रहा है। इसी प्रकार अनखीर सूरजकुंड रोड की हालत बहुत ज्यादा खराब है। आनंगपुर चौक के समीप फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण द्वारा एक तरफ की सड़क बना दी गई है, लेकिन, दूसरी तरफ की सड़क छोड़ दी गई है। बारिश के बाद इस रोड पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
-
वर्जन
बारिश के बाद खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। जिससे लोगों को दिक्कत नहीं हो। गड्ढों को भरने के आदेश दे दिए गए हैं।
- ओमवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता नगर निगम