फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पं. दीन दयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा विश्वविद्यालय में शोध को नई दिशा- ई-लाइब्रेरी, वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन, एआई उपकरण एवं शोध प्रकाशन की श्रेष्ठ प्रक्रियाएं विषय पर एक दिवसीय यूजर अवेयरनेस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शोध, नैतिक प्रकाशन तथा पुस्तकालय संसाधनों के प्रभावी उपयोग के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पुस्तकालय ई-संसाधनों एवं सुविधाओं की दृष्टि से प्रतिष्ठित संस्थानों के समकक्ष है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के कम उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता कार्यशालाएं इनके उपयोग को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी। कुलगुरु ने राष्ट्रीय पहल वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन के महत्व पर भी प्रकाश डाला, जो शोधार्थियों एवं शिक्षण संस्थानों को विद्वतापूर्ण सामग्री तक व्यापक पहुंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संवाद