एनएसएस टीम ने आयुर्वेद और शिक्षा के महत्व को बताया
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विंग ने गांव राजपुर कलां में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया। इसमें सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से आयुर्वेद और शिक्षा के महत्व को बताया गया। इसका समन्वयन सहायक प्रोफेसर और विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक आत्माराम ने किया।
राजपुर कलां के राजकीय स्कूल के मुख्य अध्यापक अमित जैन ने बताया कि इसका मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक ‘मेरी माटी-मेरा देश’ रहा। इसके माध्यम से आयुर्वेद और शिक्षा का महत्व पर बल दिया गया। नाटक के माध्यम से अपने गांव और देश की मिट्टी से जुड़े होने का संदेश दिया गया। इस मौके पर उन्नत भारत अभियान की समन्वयक डॉ. साक्षी कालरा, डॉ. शैलजा जैन और दामोदर भारद्वाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनएसएस विंग का यह आयोजन डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मुनीश वशिष्ठ और डिप्टी डीन डॉ. सोनिया बंसल की देखरेख में आयोजित किया गया।