फरीदाबाद। सेक्टर-46 क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रही कार ने ऑटो में टक्कर मार दी, जिसमें ऑटो चालक की मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब एक बजे गांव मेवला महाराजपुर निवासी जितेंद्र ऑटो से वेल्डिंग चौक से अनखीर की ओर जा रहे थे। जब वह सती माता मंदिर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बीके अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी शीतल की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। संवाद