फरीदाबाद। चाकू घोंपकर मंगलवार रात हुई प्रदेश स्तरीय एथलीट खिलाड़ी की हत्या का मामला क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने सुलझा लिया है। क्राइम ब्रांच ने बल्लभगढ़ चावला कॉलोनी निवासी अजय (19) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी भी सेक्टर-12 में ही अभ्यास करता था। वह प्रियांशु से दौड़ में हमेशा पीछे रह जाता था। इस बात को लेकर वह उससे जलन रखता था।
क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में हर्डल रेस (बाधा दौड़) का अभ्यास करता है। प्रियांशु दो हजार मीटर दौड़ के साथ ही हर्डल रेस का भी अभ्यास करता था। वह इस रेस में हमेशा आगे रहता था। अजय को लगने लगा था कि प्रियांशु उसके आगे बढ़ने में बाधा बन सकता है। इस बात को लेकर साथी खिलाड़ी भी उसकी तारीफ करते थे। अजय मन ही मन उससे ईर्ष्या करने लगा था। घटना के दो दिन पहले अजय अपनी दौड़ का अभ्यास कर रहा था। प्रियांशु उसके आगे से पांच हर्डल हटाकर अपने अभ्यास के लिए इस्तेमाल करने लगा। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। अन्य खिलाड़ियों ने किसी तरह दोनों का बीचबचाव करा दिया। अजय ने उसी दिन प्रियांशु की हत्या करने की साजिश रच डाली। मंगलवार शाम अभ्यास करने के लिए आते समय अजय कपड़ों में चाकू छिपाकर लाया। अभ्यास के बाद जब प्रियांशु घर जाने लगा, तब अजय ने साइकिल से उसका पीछा किया। सेक्टर-12 सिल्वर सिटी मॉल के पास सुनसान जगह पर अजय ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद वह घबराकर अपनी साइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
--------------------------
472 नंबर से पकड़ा गया आरोपी
चाकू लगते ही प्रियांशु ने चीखना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों के आने से पहले अजय ने हड़बड़ाहट में अपनी साइकिल मौके पर ही छोड़ दी थी। आरोपी की साइकिल के आगे पीछे 472 नंबर लिखा हुआ था। क्राइम ब्रांच ने साइकिल अन्य खिलाड़ियों को दिखाई। साथी खिलाड़ियों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी की धर पकड़ शुरू कर दी। इंस्पेक्टर राजीव ने बताया आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपी से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया जाएगा।